वाराणसी। सावन के दूसरे शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान जी का भव्य श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर भगवान का 5100 रुद्राक्ष के दानों से विशेष श्रृंगार किया गया। अलौकिक रूप में सजे अक्षयवट हनुमान के दर्शन के लिए सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी।
शनिवार तड़के करीब चार बजे मंगला आरती से पहले पुजारी राजू पांडेय ने विधि-विधान से भगवान का स्नान कराया। इसके बाद सिंदूर और तेल का लेपन कर उन्हें नए वस्त्र धारण कराए गए। भगवान को रुद्राक्ष की लंबी माला और सुगंधित फूलों से सजाया गया। आरती के बाद महंत नील कुमार मिश्रा ने मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए। कपाट खुलते ही भक्तों की लंबी कतार लग गई। श्रद्धालुओं ने भगवान अक्षयवट हनुमान के विशेष श्रृंगार के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया।
सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर में भक्तों का आना-जाना जारी रहा। विशेष श्रृंगार के चलते पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। श्रृंगार कार्यक्रम में महंत परिवार के अंकित मिश्रा, बच्चा पाठक, रमेश गिरी, राजू पाठक, रजत और रोहित समेत अन्य लोग मौजूद रहे।






