शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ
अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग कर शिक्षा और छात्र कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। साथ ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों में यूनिफॉर्म मद की धनराशि भी हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा भाजपा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में जिले में सर्वाधिक नामांकन कराने वाले पांच शिक्षकों, निपुण भारत मिशन के उत्कृष्ट विद्यार्थियों और मध्यान्ह भोजन योजना से जुड़े रसोइयों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में अपर्णा यादव ने शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, शिक्षकों के सम्मान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की नींव हैं और उनके स्वास्थ्य व सम्मान के साथ-साथ विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम को शिक्षा, शिक्षक सम्मान और छात्र कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।








