अयोध्या। राम मंदिर दान गबन मामले में सोमवार को सभी आठ आरोपियों की एंटी करप्शन कोर्ट में वर्चुअल माध्यम से पेशी हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत (जुडिशल कस्टडी) 14 दिनों के लिए बढ़ा दी।
अदालत के आदेश के बाद सभी आरोपी फिलहाल जेल में ही रहेंगे। सुनवाई के दौरान पुलिस ने किसी भी आरोपी की कस्टडी रिमांड की मांग नहीं की। ऐसे में आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ नहीं होगी और वे न्यायिक अभिरक्षा में ही रहेंगे।
राम मंदिर दान गबन मामले में जांच एजेंसियां लगातार साक्ष्य जुटाने में जुटी हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई अदालत के निर्देशों और जांच की प्रगति के आधार पर की जाएगी। यह मामला प्रदेश के साथ-साथ देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।








