50-60 लाख का नुकसान; छत से कूदकर परिवार ने बचाई जान
एटा। अलीगंज कस्बे के मोहल्ला कूचादायम में गुरुवार सुबह एक दो मंजिला मकान में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में खड़ी एक कार, एक टेंपो, दो बाइक, एक स्कूटी समेत घरेलू और व्यावसायिक सामान जलकर राख हो गया। इस हादसे में करीब 50 से 60 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, मकान में सो रहा परिवार पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कूचादायम निवासी चमन पुत्र जहूर खान के मकान में गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। उस समय परिवार के सभी सदस्य दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। शोर सुनकर उनकी नींद खुली तो देखा कि आग सीढ़ियों के रास्ते ऊपर तक पहुंच चुकी थी।
घर स्वामी चमन खान ने बताया कि उनके मकान के भूतल पर छह दुकानें हैं, जिनमें कुछ किराये पर दी गई हैं। दुकानों में किरायेदारों का भी सामान रखा हुआ था। आग की लपटें तेजी से फैलने पर परिवार ने पड़ोसी के मकान की छत पर कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
आग की चपेट में आकर घर के कॉरिडोर में खड़ी एक कार, एक टेंपो, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी, इनवर्टर, स्टेबलाइजर तथा अन्य घरेलू और व्यावसायिक सामान पूरी तरह जल गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार संजय कुमार भी राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।








