औरैया। विकास खंड बिधूना की ग्राम पंचायत सिरयावां स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अल्केश सकलेचा ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में चार शिक्षक अनुपस्थित मिले, जिस पर बीईओ ने तत्काल प्रभाव से उनके वेतन पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे हुए निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक राजेंद्र सिंह और शिक्षामित्र सरला देवी उपस्थित मिले। जबकि प्रधानाध्यापक श्रीपति द्विवेदी, सहायक अध्यापक अश्वनी कुमार, शिक्षामित्र शैलेश कुमारी और अजय कुमार शर्मा अनुपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि अजय कुमार शर्मा ने सुबह की पाली में उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर रखे थे, लेकिन विद्यालय में मौजूद नहीं थे।
इस पर बीईओ अल्केश सकलेचा ने चारों शिक्षकों की पोर्टल पर अनुपस्थिति दर्ज कराते हुए उनका वेतन रोकने की कार्रवाई की।
इसके बाद बीईओ ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिरयावां का भी निरीक्षण किया, जहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले और छात्र-छात्राएं नियमित रूप से पढ़ाई करते पाए गए।
खंड शिक्षा अधिकारी अल्केश सकलेचा ने कहा कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। शिक्षकों की लापरवाही और मनमानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।








