एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
एटा/जलेसर। भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने मंगलवार को जलेसर तहसील में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया और उप जिलाधिकारी पीयूष रावत को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
भाकियू (भानु) के जिलाध्यक्ष पंकज ठाकुर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी कमी है। किसान एक-एक बोरी यूरिया के लिए परेशान हैं, जबकि सरकारी गोदामों पर ताले लगे हैं। दूसरी ओर बाजार में खुलेआम यूरिया की कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जलेसर क्षेत्र में कालाबाजारी के लिए ले जाई जा रही 670 बोरी यूरिया पकड़ी गई थी, लेकिन तहसील प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने मांग की कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया उपलब्ध कराया जाए और खाद वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाया जाए।
ज्ञापन में तहसील में तैनात कुछ लेखपालों पर भी भ्रष्टाचार और पैमाइश में अनियमितता के आरोप लगाए गए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों से धन लेने के बावजूद भूमि पैमाइश में गड़बड़ियां की जा रही हैं, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दोषी लेखपालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।








