चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वीआईपी रेलवे गेट के सामने स्थित प्राचीन मां काली मंदिर से शनिवार शाम मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की भव्य शोभायात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली गई। शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए सुभाष पार्क के समीप स्थित नए मंदिर परिसर पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना की गई।
सड़क चौड़ीकरण परियोजना की जद में आने के कारण प्राचीन मां काली मंदिर को स्थानांतरित किया जा रहा है। इसी क्रम में श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के बैनर तले नए मंदिर में प्रतिमाओं की स्थापना की प्रक्रिया शुरू की गई है।
शनिवार दोपहर प्रायश्चित, गोदान, अघोर मंत्र जाप और पंचांग पूजन के बाद शाम करीब सात बजे शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे धर्मध्वजा लिए घुड़सवार, उसके पीछे ऊंटों का काफिला, नगाड़ा, बैंड और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था रही। वाराणसी से आए बटुकों ने डमरू वादन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शोभायात्रा में केसरिया वस्त्र धारण किए 251 महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भाग लिया। उनके पीछे मां काली, भगवान गणेश और अन्य देवी-देवताओं के विग्रह चल रहे थे। शोभायात्रा में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु “जय मां काली” के जयघोष के साथ शामिल हुए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
ट्रस्ट के अनुसार 5 से 7 जुलाई तक जलाधिवास, अन्नाधिवास, नेत्रोन्मीलन, शैय्याधिवास सहित विभिन्न वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। 8 जुलाई को मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद दोपहर 12 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन के लिए खोल दिया जाएगा। इसी दिन भंडारे का आयोजन होगा तथा शाम सात बजे भव्य देवी जागरण एवं भक्ति झांकियों का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शोभायात्रा में श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष जायसवाल (आशु), अशोक सिद्धार्थ केसरवानी, बिल्लू पाहवा, हरि प्रसाद गुप्ता, अजय चौहान, अशोक शुक्ला, अजीत, कुंदन सिंह, आशीष गुप्ता, सभासद राजेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
#Hashtags:
#Chandauli, #PDDUNagar, #MaaKali, #KalashYatra, #ShobhaYatra, #PranPratishtha, #SanatanDharma, #ReligiousNews, #UPNews, #LatestNews








