बाराबंकी। असंद्रा थाना क्षेत्र की सिद्धौर चौकी के अंतर्गत हाजीपुर गांव में गुरुवार सुबह गैस सिलेंडर में रिसाव से छप्परनुमा मकान में भीषण आग लग गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे परिवार की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हाजीपुर निवासी लालाराम पुत्र रामगोपाल गौतम के घर गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी पत्नी खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे छप्परनुमा मकान को अपनी चपेट में ले लिया। बारिश के बावजूद आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण बाल्टियों और डोलचियों में पानी भरकर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। सूचना पर असंद्रा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग को पड़ोसी मकानों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
आग की इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, नकदी, घरेलू उपयोग का सामान तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवार को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है।







