मंदिरों में उमड़ रही भीड़
अयोध्या। श्रीराम मंदिर के चंदा प्रकरण को लेकर देशभर में चर्चाएं जारी हैं, लेकिन रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की आस्था पर इसका कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और पावन सरयू तट पर दर्शन-पूजन कर रहे हैं। मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बनी हुई है।
इसी क्रम में जानकी महल में रामकृष्ण पोद्दार के सानिध्य में आयोजित भव्य श्रीराम कथा में भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। देश-विदेश से आए श्रद्धालु अपने परिवार के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर रोजाना उमड़ रही भीड़ रामनगरी के जीवंत धार्मिक वातावरण को दर्शा रही है।
कथा में शामिल श्रद्धालुओं ने कहा कि उनकी आस्था भगवान श्रीराम में है और वे दर्शन व आध्यात्मिक शांति की तलाश में अयोध्या आते हैं। उनका कहना है कि किसी भी विवाद का उनकी श्रद्धा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता। श्रद्धालुओं ने बताया कि अयोध्या का आध्यात्मिक वातावरण आज भी पहले की तरह भक्तिमय है और यहां आकर उन्हें आत्मिक शांति का अनुभव होता है।
रामनगरी में इन दिनों कथा, भजन-कीर्तन, धार्मिक अनुष्ठान और दर्शन-पूजन का क्रम निरंतर जारी है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या यह संकेत देती है कि अयोध्या के प्रति लोगों की आस्था पहले की तरह मजबूत बनी हुई है।







