चंदौली। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टेट-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
यूपी टेट-2026 की परीक्षा जनपद में 2, 3 और 4 जुलाई को आयोजित होगी। 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
जनपद में कुल 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक केंद्रीय रेलवे इंटर कॉलेज तथा 11 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। प्रत्येक पाली में 5,112 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पांचों पालियों में कुल 25,560 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा को नोडल अधिकारी (प्रशासन) तथा अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) को नोडल अधिकारी (पुलिस) बनाया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मजिस्ट्रेट परीक्षा से पूर्व अपने-अपने केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर लें और परीक्षा के दौरान लगातार निगरानी रखें। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। परीक्षा अवधि में केंद्रों के आसपास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें, कोचिंग संस्थान और साइबर कैफे बंद रहेंगे। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी की जाएगी, जिसकी मॉनिटरिंग जिला मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से होगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य कोषाधिकारी तथा सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।








