मां-बेटी को नशीला पदार्थ सुंघाकर लाखों के आभूषण लेकर फरार
एटा/जलेसर। एटा जिले के सकरौली थाना क्षेत्र के गांव काजीपुर बदनपुर में दो बाइक सवार ठगों ने जेवर साफ करने के बहाने एक मां-बेटी को अपना शिकार बना लिया। आरोप है कि ठगों ने दोनों को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उनके जेवर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजन सिंह के घर शनिवार दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार दो युवक पहुंचे। उस समय घर में केवल उनकी पत्नी विमलेश देवी (50) और पुत्री विनीता (22) मौजूद थीं। दोनों युवकों ने खुद को जेवर साफ करने वाला पाउडर बेचने वाला बताते हुए आभूषण चमकाने का झांसा दिया।
उनकी बातों में आकर मां-बेटी ने अपने कान के कुंडल, झुमकी, नथ और अन्य आभूषण साफ करने के लिए उन्हें दे दिए। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से दोनों को नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वे बेहोश हो गईं। मां-बेटी के अचेत होते ही दोनों युवक जेवर लेकर मौके से फरार हो गए।
करीब 15 से 20 मिनट बाद होश आने पर मां-बेटी ने अपने जेवर और दोनों युवकों को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन घर पहुंचे और मामले की सूचना सकरौली थाना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक नित्यानंद पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।








