वीडियो वायरल; सीओ के हस्तक्षेप के बाद 30 घंटे में दर्ज हुआ मुकदमा
एटा/जलेसर। जलेसर नगर में मोहर्रम के दिन एक परिवार पर कथित रूप से दबंगों द्वारा घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिलाओं, युवतियों और अन्य परिजनों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भी पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज न किए जाने का आरोप लगाया गया। बाद में सीओ के हस्तक्षेप पर करीब 30 घंटे बाद मामला दर्ज किया गया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सादात निवासी इल्लो पत्नी वकील मोहम्मद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 26 जून की दोपहर करीब दो बजे परिवार के लोग घर में सो रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के आशो, चांद बाई, जाविद, इरफान उर्फ पोंदी, गुलफान, सारिक तथा इरफान पुत्र टुई सहित अन्य लोग लाठी-डंडे, सरिया, फरसा और चाकू लेकर घर में घुस आए।
पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में इल्लो, तमन्ना, फरीद, अरीन, सलमान, समरीन सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों के सिर में गहरी चोटें आईं। शोर सुनकर मोहल्ले के शकील, बिल्लू खां, अनीता सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना वाले दिन पुलिस ने तहरीर लेकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेज दिया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और 24 घंटे बाद भी कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने क्षेत्राधिकारी (सीओ) जलेसर ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह से शिकायत की।
सीओ के निर्देश के बाद कोतवाली पुलिस ने घटना के लगभग 30 घंटे बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








