स्कूल चलो अभियान: हजारों विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
दरियाबाद (बाराबंकी)। प्रदेश सरकार के स्कूल चलो अभियान के तहत शनिवार को नगर पंचायत दरियाबाद में तहसील स्तरीय जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज परिसर से शुरू हुई रैली में विकासखंड दरियाबाद, बनीकोडर और पूरे डलई क्षेत्र के दर्जनों परिषदीय विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का समय पर विद्यालयों में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
रैली में शामिल छात्र-छात्राएं “सब पढ़ें, सब बढ़ें”, “हर बच्चा स्कूल जाए, देश का भविष्य उज्ज्वल बनाए” और “शिक्षा है सफलता की कुंजी” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। रैली ने आमजन का ध्यान आकर्षित किया और शिक्षा के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय विद्यालय के प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. इसरार ने कहा कि शासन द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की दो जोड़ी गणवेश बनवाने तथा विद्यार्थियों से विद्यालय की शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राकेश कुमार, प्रदीप सिंह, जीएसएम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दिनेश चंद्र मिश्रा, प्रवक्ता अरविंद मिश्रा, पीडी जैन इंटर कॉलेज के प्राचार्य विनोद कुमार मिश्रा, एंग्लो इंटर कॉलेज के प्राचार्य दानिश अंसारी, ऋषिकेश चौधरी, श्याम नारायण सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल चलो अभियान के तहत 15 जुलाई तक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में रैली, जनसंपर्क और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल किया जा सके।







