महिला सहायता एवं परिवार परामर्श केंद्र ने कराया समझौता
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में संचालित महिला सहायता एवं परिवार परामर्श केंद्र की पहल से एक और बिखरता परिवार दोबारा एक हो गया। केंद्र के सदस्यों ने लंबे समय से विवाद में चल रहे पति-पत्नी के बीच आपसी सुलह कराकर उन्हें फिर से साथ रहने के लिए राजी किया।
परिवार परामर्श केंद्र में महिला हेड कांस्टेबल सविता मौर्य, वरिष्ठ पत्रकार मनोराम पाण्डेय, अपराध निरोधक समिति के सचिव एवं समाजसेवी अमर बहादुर सिंह तथा सदस्य नाजमा बेगम ने दोनों पक्षों से संवाद कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया।
परामर्श के बाद रोशनी, पत्नी दानिश, निवासी अजीजपुर, थाना गोसाईगंज, अपने सभी मतभेद भुलाकर पति के साथ ससुराल के लिए रवाना हो गईं। यह मामला काफी समय से लंबित था, लेकिन परिवार परामर्श केंद्र की सक्रिय पहल से दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।
महिला सहायता एवं परिवार परामर्श केंद्र की इस पहल की लोगों ने सराहना की। केंद्र के माध्यम से अब तक पारिवारिक विवादों और आपसी मनमुटाव के कारण अलग रह रहे अनेक परिवारों का समझौता कराया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की पहल परिवारों को टूटने से बचाने के साथ-साथ समाज में आपसी संवाद, समझदारी और पारिवारिक मूल्यों को भी मजबूत करने का कार्य कर रही है।








