बाराबंकी। विद्युत उपखंड रामसनेहीघाट के दुलाहदेपुर पावर हाउस से जुड़े सनौली और कोटवासड़क फीडरों की बिजली आपूर्ति शुक्रवार देर रात 11 हजार वोल्ट लाइन पर पेड़ गिरने से बाधित हो गई। इससे करीब 100 गांवों की लगभग एक लाख आबादी पूरी रात बिजली संकट से जूझती रही। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे फॉल्ट दुरुस्त होने के बाद आपूर्ति पूरी तरह बहाल हो सकी।
जानकारी के अनुसार, अंगदपुर गांव के पास दो स्थानों पर 11 हजार वोल्ट की लाइन पर पेड़ गिरने से दोनों फीडरों में फॉल्ट आ गया। इसके चलते अंगदपुर, सूरजवापुर, बडेला, नारायनपुर, मोहम्मदपुर कीरत, बैसपुरवा, सनाकापुर, लालपुरवा, गौरवा, कोटवासड़क, रेहरिया, असेना, लोधेसिंहपुरवा, निबाह समेत करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
रातभर बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल संकट, घरेलू कार्यों में बाधा और उमस भरी गर्मी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह से ही विद्युत विभाग की टीम फॉल्ट ठीक करने में जुटी रही।
उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सर्वेश कुमार ने बताया कि अंगदपुर गांव के पास 11 हजार वोल्ट लाइन पर पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी। विभागीय कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर शनिवार दोपहर तक दोनों फीडरों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी।








