सोमवार से लापता था युवक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
लखीमपुर खीरी। कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब भूलभुलैया मार्ग स्थित एक गन्ने के खेत की मेड़ पर लगे शीशम के पेड़ से एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की पहचान वार्ड संख्या-1 निवासी राजकुमार उर्फ छोटू (30) पुत्र परमेश्वर के रूप में हुई है, जो सोमवार से लापता था।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल रोड से भूलभुलैया जाने वाले मार्ग के पूर्व दिशा में स्थित गन्ने के खेत की दक्षिणी मेड़ पर मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने शीशम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
सूचना पर उपनिरीक्षक आशुतोष सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसी दौरान नगर चेयरमैन मोहम्मद कय्यूम भी घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान राजकुमार उर्फ छोटू के रूप में की।
पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
परिजनों के अनुसार, राजकुमार सोमवार को घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक का विवाह लगभग सात वर्ष पूर्व हुआ था। घटना के बाद पूरे कस्बे में शोक का माहौल है।
निघासन पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवम् कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।








