पिता ने चाचा-चाची व दादा पर लगाया हत्या का आरोप
गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार से किया इनकार, फॉरेंसिक टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य
बबुरी(चंदौली)। बबुरी कस्बे में सोमवार को 11वीं की छात्रा 14 वर्षीय छात्रा जाह्नवी का शव साड़ी के फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता ने अपने ही परिवार के तीन सदस्यों पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
कस्बा निवासी गौतम पटवा की 14 वर्षीय पुत्री जाह्नवी, जो कक्षा 11 की छात्रा थी, उसका शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के पिता गौतम पटवा ने अपने भाई, भाभी और पिता पर बेटी की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस से कहा कि जब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वह बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा आवश्यक नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए।पुलिस के काफी समझाने-बुझाने के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार हुए। परिजनों के अनुसार, जाह्नवी दो बहनों में छोटी थी। उसकी बड़ी बहन वैष्णवी अपनी बुआ के साथ रहती है, जबकि जाह्नवी अपने माता-पिता गौतम पटवा और संजू के साथ रहती थी। थाना प्रभारी किशोर कुमार चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की हर पहलू से निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। यदि जांच में किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







