माल बाबू पर अधिवक्ता से मारपीट और हमले का आरोप
चंदौली। सकलडीहा तहसील परिसर में सोमवार को एक फाइल को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। माल बाबू पर एक अधिवक्ता के साथ मारपीट करने और धारदार वस्तु से हमला करने का आरोप है। घटना में अधिवक्ता के चेहरे पर गंभीर चोट आई है। मामले के बाद तहसील परिसर में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता उपेंद्र सिंह धारा 138(2) से संबंधित एक लंबित फाइल लेने तहसील पहुंचे थे। बताया गया कि फाइल पिछले दिन से लंबित थी, जिसकी शिकायत उन्होंने तहसीलदार से भी की थी। सोमवार को फाइल मांगने के दौरान माल बाबू साकिब अली और अधिवक्ता के बीच कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि माल बाबू ने किसी धारदार वस्तु से अधिवक्ता के चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हो गए और आरोपी बाबू को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी एसडीएम के चेंबर में चला गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर तहसील परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
अधिवक्ताओं ने सकलडीहा कोतवाली पहुंचकर आरोपी माल बाबू के खिलाफ तहरीर दी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल तहसील परिसर में स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है।








