धान की रोपाई में जुटे किसान
बाराबंकी। तहसील क्षेत्र में बुधवार को करीब 30 मिनट तक हुई तेज बारिश ने भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत की सांस ली।
बारिश का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिला है। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों का कहना है कि खेतों में पर्याप्त नमी आने से धान की रोपाई का कार्य तेज हो गया है। समय पर हुई वर्षा को खरीफ फसलों के लिए भी काफी लाभदायक माना जा रहा है।
किसान राम सुरेश, राघवेंद्र प्रताप सिंह, नीरज कुमार वर्मा और राकरन यादव ने बताया कि बारिश के बाद खेत रोपाई के लिए पूरी तरह तैयार हो गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह अनुकूल रहा तो इस वर्ष धान की बेहतर पैदावार होगी।
बारिश के बाद क्षेत्र के गांवों में किसानों ने पूरे उत्साह के साथ धान की रोपाई शुरू कर दी है। वहीं मौसम में आई ठंडक से आम लोगों को भी उमस और तेज गर्मी से राहत मिली है।








