बाराबंकी। रामसनेहीघाट नगर पंचायत स्थित बूढ़े हनुमान जी मंदिर परिसर में रविवार को प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा संगठन है, जहां बिना किसी भेदभाव और परिवारवाद के एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर संगठन के शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा उनके लिए मां के समान है और उसकी सेवा करना ही उनके जीवन का उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि 36 वर्ष पहले तत्कालीन भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश प्रसाद शर्मा ने इसी परिसर में उन्हें बूथ अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। कार्यकर्ताओं के सहयोग और संगठन के विश्वास के कारण आज उन्हें प्रदेश मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला है।
अवधेश श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में दरियाबाद से राज्य मंत्री सतीश शर्मा को पिछली बार से अधिक मतों से विजयी बनाने और जिले की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि अवधेश श्रीवास्तव लंबे समय से संगठन के समर्पित और जुझारू कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में अवधेश श्रीवास्तव के जिलाध्यक्ष रहते बाराबंकी की छह में से पांच विधानसभा सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। निकाय और जिला पंचायत चुनावों में भी संगठन को उल्लेखनीय सफलता मिली थी।
कार्यक्रम में पवन कुमार सिंह ‘रिंकू’, प्रदीप द्विवेदी, रूपेश प्रताप सिंह, दीपक वर्मा, जवाहरलाल वर्मा, अभिषेक वर्मा, सुरेंद्र कौशल, नरेंद्र सिंह सलूजा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







