राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में हुआ आयोजन, जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद
विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज (ऑडिटोरियम) में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 171 जोड़ों का वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। समारोह में नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी तथा जैदपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अमरीश रावत भी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवदंपतियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि अब आर्थिक अभाव किसी बेटी के विवाह में बाधा नहीं बनेगा। सरकार जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराकर सामाजिक दायित्व निभा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने योजना की सहायता राशि 51 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये करने का निर्णय लिया है, जिससे पात्र परिवारों को और अधिक लाभ मिलेगा।
समारोह में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास), संबंधित खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह पूरे उत्साह, सामाजिक समरसता और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों ने सरकार की इस योजना की सराहना करते हुए इसे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत बताया।








