करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा स्रोत
लखनऊ, 10 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्हें करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। मुख्यमंत्री ने उनके सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “प्रखर वक्ता एवं जनप्रिय राजनेता, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रभु श्रीराम से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।”
दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने भी दी बधाई
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राजनाथ सिंह को लोकप्रिय नेता, प्रखर वक्ता और हम सभी का संरक्षक बताते हुए उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि लखनऊ को उनका नेतृत्व और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहा है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। उन्होंने प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
चंदौली में जन्मे राजनाथ सिंह ने लखनऊ को अपनी कर्मभूमि बनाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने लगातार तीसरी बार लखनऊ लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। केंद्रीय गृह मंत्री और वर्तमान में रक्षा मंत्री के रूप में दायित्व निभाने के बावजूद उनका अपने संसदीय क्षेत्र से लगातार जुड़ाव बना हुआ है।
राजनाथ सिंह समय-समय पर लखनऊ का दौरा करते हैं और कार्यकर्ताओं व आम नागरिकों से संवाद करते हैं। शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं में उनकी अहम भूमिका रही है। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे, आउटर रिंग रोड, फ्लाईओवरों का विस्तार तथा अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर जैसी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान का उल्लेख किया जाता है।
रक्षा मंत्री के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और समर्थकों ने भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।







