गाजीपुर। रक्तदान और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सामाजिक संस्था जीवन रक्षक फाउंडेशन के संस्थापक शीर्ष दीप शर्मा, सचिव डॉ. उरूज फात्मा और सदस्य शिवम राय को लखनऊ में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया।
राजधानी लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में नेशनल इंटीग्रेटेड फोरम ऑफ आर्टिस्ट्स एंड एक्टिविस्ट्स (निफा) उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित संवेदना-2 सम्मान समारोह में तीनों समाजसेवियों को रक्तदान जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवॉर्ड तथा वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस (इंग्लैंड) सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के राज्यमंत्री वैश्य नटवर गोयल तथा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजकुमार मित्तल सहित अन्य अतिथियों ने सम्मान प्रदान करते हुए रक्तदान और अंगदान को अधिक से अधिक बढ़ावा देने का आह्वान किया।
जीवन रक्षक फाउंडेशन पिछले पांच वर्षों से गाजीपुर में रक्तदान अभियान संचालित कर रही है। संस्था अब तक 2,500 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध करा चुकी है। इसके अलावा संस्था वृक्षारोपण और पशु-पक्षियों की सेवा जैसे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है।
कार्यक्रम के आयोजन में निफा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार दूबे सहित संगठन के पदाधिकारियों और विभिन्न राज्यों से आए रक्तदाताओं का सहयोग रहा। अंत में स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर इंजीनियर राजीव गोयल ने धन्यवाद ज्ञापित किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।








