वाराणसी। उत्तर प्रदेश पुलिस के ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत भेलूपुर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में जब्त करीब 8.10 लाख रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को सोमवार को नष्ट कराया। यह कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में रामनगर स्थित श्री गणेश प्लाईवुड इंडस्ट्री में की गई।
पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 11.9 किलोग्राम गांजा, 89.6 ग्राम अल्प्राजोलम (नशीला पाउडर) और 8 ग्राम हेरोइन शामिल है। इन सभी मादक पदार्थों को अलग-अलग मामलों में बरामद कर जब्त किया गया था।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जोन काशी के पुलिस अधिकारियों की निगरानी में सहायक पुलिस आयुक्त (कोतवाली) तथा भेलूपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में संपन्न कराई गई।
पुलिस ने बताया कि पूरी प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई, ताकि कार्रवाई का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही निर्धारित नियमों के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।








