दो महिलाएं समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। चौक थाना पुलिस ने मकान बेचने के नाम पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब तीन करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने खुद को संपत्ति का अधिकृत स्वामी बताकर एक कारोबारी से बड़ी रकम हड़प ली।
पुलिस के अनुसार चौखंभा निवासी आनंद कृष्ण अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि व्यापार के लिए उपयुक्त मकान की तलाश के दौरान उनकी मुलाकात राजकुमार बाजपेयी के माध्यम से मलदहिया निवासी मीरा अरोड़ा और उनकी पुत्री रचना अरोड़ा से हुई। दोनों ने मलदहिया स्थित एक मकान को अपना बताते हुए उसका सौदा किया और बैंक ऋण चुकाने का हवाला देकर किस्तों में करीब तीन करोड़ रुपये ले लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बाद में जानकारी मिली कि जिस भूमि पर मकान बना है, वह रक्षा मंत्रालय की है और उसका क्रय-विक्रय नहीं किया जा सकता। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
मामले में चौक थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर मीरा अरोड़ा और रचना अरोड़ा को उनके मलदहिया स्थित आवास से तथा राजकुमार बाजपेयी को सिगरा क्षेत्र के जवाहर तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।








