मंदिरों में रोपे जाएंगे तुलसी के पौधे
एटा/जलेसर। भारत विकास परिषद, जलेसर ने आगामी आषाढ़ मास में आयोजित होने वाली शनिदेव की जात के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर ठंडे पेयजल की व्यवस्था करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा परिषद छह जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें एवं शिक्षण शुल्क उपलब्ध कराएगी तथा नगर के मंदिरों में तुलसी के पौधे भी रोपेगी।
यह निर्णय रविवार शाम नगर स्थित सेवा सिंह के प्रतिष्ठान पर आयोजित परिषद की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता परिषद अध्यक्ष मनीष पिंडारा ने की।
परिषद के सचिव डॉ. श्याम बिहारी तिवारी ने बताया कि नगर क्षेत्र के अत्यंत गरीब परिवारों के छह विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पुस्तकें और शिक्षण शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बरसात के मौसम में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत नगर के सभी मंदिरों में दस-दस तुलसी के पौधे लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आषाढ़ मास में आयोजित होने वाली शनिदेव की जात में लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए परिषद की ओर से विभिन्न स्थानों पर पेयजल शिविर लगाकर ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में सेवा सिंह छाबड़ा, दीपक राठी, डॉ. यतेंद्र कुमार ‘यती’, निर्मल अग्रवाल, लोकेंद्र राठी, नारायण गुप्ता, राजीव गोयल, राहुल अग्रवाल सहित परिषद के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








