प्रधान शिक्षक को धमकी देने का आरोप, बीएसए जांच में शिकायत सही
हमीरपुर। सुमेरपुर ब्लॉक के नारायणपुर कंपोजिट विद्यालय में तैनात सहायक शिक्षिका निशा तोमर पर स्कूल में अनुपस्थित रहने के बावजूद जबरन उपस्थिति दर्ज कराने और प्रधान शिक्षक को धमकी देने का आरोप लगा है। मामले की जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने शिक्षिका से स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्रधान शिक्षक चंद्रभान सिंह ने शिकायत में बताया कि निशा तोमर कानपुर से आती हैं और महीने में केवल एक-दो दिन ही विद्यालय पहुंचती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय की चार महिला शिक्षिकाओं का एक समूह है, जो आपस में ड्यूटी तय करता है और बारी-बारी से अनुपस्थित रहता है।
शिकायत के अनुसार, फोन पर संपर्क करने पर निशा तोमर स्वयं को जिला या प्रदेश कार्यालय से संबद्ध बताती थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बिछिया के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) संजय कुमार से जांच कराई।
जांच में सामने आया कि मई माह में निशा तोमर केवल चार दिन विद्यालय आई थीं, जबकि उपस्थिति पंजिका में पूरे महीने की हाजिरी दर्ज थी। जून माह में भी इसी प्रकार की अनियमितता मिली। जांच रिपोर्ट के अनुसार 16, 22, 24 और 25 जून को शिक्षिका ने रजिस्टर लेकर स्वयं हस्ताक्षर किए। विरोध करने पर प्रधान शिक्षक को जूतों से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
बीएसए शैलेष कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








