दिलीप सिंह अलीगंज एटा
संचारी रोगों व क्षय रोग से बचाव की दी जानकारी, पंपलेट वितरित कर किया जागरूक
अलीगंज। तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से जागरूकता शिविर लगाया गया। शिविर में फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी पंपलेट वितरित कर संचारी रोगों एवं क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि बरसात के मौसम में मच्छरों और दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलभराव न होने दें तथा स्वच्छ पेयजल का ही उपयोग करें। साथ ही बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की सलाह दी गई।
टीबी जागरूकता के तहत लोगों को बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में अधिक पसीना आने जैसी समस्या हो तो वह तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराए। टीबी की जांच और उपचार सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध है।
जिला क्षय रोग समन्वयक आशीष पाराशर ने लोगों को टीबी उन्मूलन अभियान की जानकारी देते हुए समय पर जांच एवं उपचार कराने की अपील की। इस दौरान लैब टेक्नीशियन सुधीर कुमार सिंह, आकाश राजपूत तथा परामर्शदाता प्रीति यादव ने स्वास्थ्य संबंधी पंपलेट वितरित कर लोगों को संचारी रोगों एवं टीबी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।
शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में आए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा जनजागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।








