उपकेंद्र परिसर में भरा पानी; बिजली आपूर्ति पर मंडराया संकट
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
एसडीओ बोले- नालियां चोक होने और बिजलीघर सड़क से नीचे होने के कारण हर बारिश में बनती है ऐसी स्थिति
अलीगंज (एटा)। रविवार ओर सोमवार की मध्य रात्रि हुई मूसलाधार बारिश के बाद अलीगंज कस्बे में कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सबसे अधिक प्रभावित स्थानीय विद्युत उपकेंद्र रहा, जहां बारिश का पानी परिसर में भर जाने से बिजली व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि विभाग ने स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखी और उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम किए।
बारिश के बाद उपकेंद्र परिसर में जलभराव की तस्वीरें सामने आने पर स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। सुबह तक कर्मचारी पानी की निकासी और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा में जुटे रहे, ताकि किसी तकनीकी खराबी या बड़े हादसे की आशंका न रहे।
एसडीओ ने बताई जलभराव की वजह
अलीगंज विद्युत उपखंड के एसडीओ अतुल कुमार ने बताया कि बिजलीघर के आसपास की नालियां चोक होने के कारण बारिश का पानी समय पर नहीं निकल पाता। इसके अलावा बिजलीघर का परिसर मुख्य सड़क के स्तर से नीचे होने की वजह से बरसात का पानी सीधे परिसर में भर जाता है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं।
हर बरसात में उठता है यही सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान बिजलीघर में जलभराव की समस्या नई नहीं है। यदि नालियों की नियमित सफाई और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कर दी जाए तो हर वर्ष बनने वाली इस परेशानी से राहत मिल सकती है।








