पांच घंटे बाद मिला शव
धान की रोपाई के बाद नदी किनारे हुआ हादसा, बचाने की कोशिश नाकाम; गांव में दहशत
बहराइच। जिले के बॉन्डी थाना क्षेत्र में मगरमच्छ के हमले में 12 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। धान की रोपाई के बाद नदी में हाथ-पैर धोने गए बालक पर मगरमच्छ ने हमला कर उसे गहरे पानी में खींच लिया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब पांच घंटे बाद बालक का शव नदी से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय बालक धान की रोपाई के बाद नदी किनारे हाथ-पैर धोने गया था। इसी दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक उस पर हमला कर दिया और अपने जबड़ों में दबोच लिया। बालक ने खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका।
घटना देख बालक के चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े। उन्होंने ईंट-पत्थर फेंककर मगरमच्छ से बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे कई बार पानी में पटकते हुए गहरे पानी में खींच ले गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद बालक का शव नदी से बरामद कर लिया गया।
पुलिस और वन विभाग ने घटना की पुष्टि की है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, मगरमच्छ के हमले में बच्चे के शरीर का निचला हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि वन विभाग ने लोगों से नदी और मगरमच्छ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।







