बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के चांदपुर उटखरा गांव में शनिवार देर रात छत पर सो रही 18 वर्षीय छात्रा की जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। परिजन पहले उसे झाड़-फूंक और देसी उपचार के लिए ले गए, लेकिन हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार चांदपुर उटखरा गांव निवासी अजय कुमार की पुत्री दीपांशी शनिवार रात घर की छत पर सो रही थी। देर रात उसे जहरीले सांप ने डस लिया। छात्रा की चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल काजियापुर गांव में झाड़-फूंक कराने ले गए। काफी देर तक देसी उपचार कराया गया, लेकिन उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती रही।
इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर निकले, लेकिन रास्ते में ही दीपांशी ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि दीपांशी इंटरमीडिएट (कक्षा 11) की छात्रा थी। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा है और गांव में शोक की लहर है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







