जनभागीदारी से मनाया जाएगा वृक्षारोपण महोत्सव: डीएम
सुलतानपुर। आगामी 12 जुलाई को होने वाले प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वृहद वृक्षारोपण अभियान को जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग ने बताया कि जनपद में इस वर्ष 53 लाख 15 हजार 700 पौधे रोपित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वृक्षारोपण अभियान 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगा। सभी विभागों को लक्ष्य के अनुरूप पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है।
बैठक में समृद्धि वन, कपिवन, ऊर्जा वन, समरस वन, ग्राम वन, नंदन वन, आयुष वन, नक्षत्र वन, पंचवटी, शक्ति वन तथा हरिशंकरी जैसे विशेष थीम आधारित वनों के लिए स्थलों के चयन, गड्ढा खुदाई, पौध उपलब्धता और जनप्रतिनिधियों के पौधरोपण स्थलों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कृषि, उद्यान, पंचायतीराज, राजस्व, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि नर्सरियों से पौधों का उठान समय पर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभाग स्थलों के चयन, पौध उठान एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक दिन वृक्षारोपण के लिए अवश्य देना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण भी सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मियावाकी पद्धति के माध्यम से सघन वन विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने निर्देश दिया कि 5 जून को लगाए गए पौधों की जियो टैगिंग शीघ्र पूर्ण की जाए तथा सभी विभाग नर्सरियों से शत-प्रतिशत पौधों का उठान निर्धारित समय सीमा में कर लें। उन्होंने सभी बीडीओ, अधिशासी अधिकारियों और विभागाध्यक्षों को लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण अभियान की तैयारियां तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।








