तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
अयोध्या। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के ग्राम डिहवा मजरे पूरेकलहंस में गुरुवार सुबह खेत पर गए एक किसान की झटका तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान उदयराज लोधी (35) पुत्र छेदन लोधी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह सुबह अपने खेत की देखरेख के लिए गए थे। इसी दौरान खेत में लगाए गए झटका तार के संपर्क में आने से उन्हें तेज करंट लग गया। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उदयराज अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनकी असामयिक मौत से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पर पहुंची रुदौली कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।








