पुलिस ने दोनों पक्षों पर की कार्रवाई
सुलतानपुर। थाना गोसाईगंज क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, तोड़फोड़ और फायरिंग की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 22 जून 2026 को गोसाईगंज थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। घटना में लाठी-डंडों से मारपीट, तोड़फोड़ तथा असलहों से फायरिंग किए जाने के आरोप लगे थे। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस मुकदमे दर्ज किए गए।
पहले पक्ष के तसरीफ अहमद की तहरीर पर वसीद अहमद सहित 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए तमंचे से फायरिंग की और लाठी-डंडों से हमला किया।
वहीं दूसरे पक्ष के वसीद अहमद की तहरीर पर मोहम्मद दानिश समेत 16 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप लगाया गया कि आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर के पर्यवेक्षण में गोसाईगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में वसीद अहमद (51 वर्ष) निवासी कसमऊ पकड़ीपुर हुसैनगंज इनायतपुर, तसरीफ उर्फ सब्लू पुत्र मंजूर निवासी सलारपुर तथा सैफ पुत्र बब्बन उर्फ फोरज अहमद निवासी कुरैशी का पुरवा खरसोमा शामिल हैं।






















