महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी
सुल्तानपुर । उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद सुलतानपुर में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए पुलिस विभाग द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों एवं एंटी रोमियो टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं एवं आमजन को जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों एवं महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी दी। साथ ही ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित एवं विधिसम्मत निस्तारण के लिए संवाद स्थापित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 की जानकारी देते हुए इन सेवाओं का आवश्यकता पड़ने पर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई।
मिशन शक्ति टीमों एवं महिला बीट अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, सुरक्षा उपायों तथा आत्मनिर्भरता से जुड़ी जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम में महिलाओं से निर्भीक होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का आह्वान किया गया।
पुलिस विभाग का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।








