भोगांव/मैनपुरी। नेशनल पीजी कॉलेज के एनसीसी कैडेट हिमांशु राजपूत ने राष्ट्रीय स्तर के ऑल इंडिया एनसीसी माउंटेनियरिंग एक्सपीडिशन में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। 3 यूपी बटालियन एनसीसी के कैडेट हिमांशु ने देश के प्रतिष्ठित पर्वतारोहण अभियान में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा और साहस का परिचय दिया।
हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में आयोजित इस अभियान के दौरान कैडेटों ने चिक्का, शेरी, टेंटा और एडवांस कैंप सहित विभिन्न चरणों को पार करते हुए 5,138 मीटर ऊंची जगतसुख पीक तथा 6,001 मीटर ऊंचे माउंट देव टिब्बा पर देश का तिरंगा फहराया। इस उपलब्धि से क्षेत्र और जनपद में हर्ष का माहौल है।
कैडेट हिमांशु राजपूत ने बताया कि इस अभियान ने उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा कठिन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता को और अधिक मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण अभियान के दौरान अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का विशेष महत्व रहा।
हिमांशु की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय विधायक रामनरेश अग्निहोत्री, चेयरमैन प्रतिनिधि आशीष तिवारी, कॉलेज सचिव नकुल सक्सेना, प्राचार्य एस.के. निमेष, रनवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








