श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह
संतकबीरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले बाबा बैजूनाथ धाम पहुंचे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के इतिहास में वह इस धाम में पहुंचने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की, जिससे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया।


श्रावण मास में यहां प्रतिवर्ष विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें श्रद्धालु पवित्र सरयू जल लाकर शिवलिंग पर अर्पित करते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण रहा। स्थानीय निवासी अनिल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से मंदिर की प्रतिष्ठा और बढ़ेगी तथा धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
ड्रोन कैमरों से निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए थे। पूरे क्षेत्र को तीन जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया गया था। यातायात एवं गश्त व्यवस्था के लिए 75 मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
कार्यक्रम स्थल से लेकर मंदिर परिसर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चार ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही थी, जबकि स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) की दो टीमें भी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थीं।
सुरक्षा व्यवस्था में चार अपर पुलिस अधीक्षक, 12 क्षेत्राधिकारी, 17 थाना प्रभारी, 100 उपनिरीक्षक, 20 महिला उपनिरीक्षक, 500 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल तथा 60 महिला कांस्टेबल तैनात रहे।








