चंदौली। संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत गुरुवार को नगर पंचायत कार्यालय में एक जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी जय प्रकाश सिंह ने कहा कि संचारी रोगों से बचाव के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जनपद में 1 से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में संचारी रोगों के फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव होने से मच्छरों की संख्या तेजी से बढ़ती है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा कूलर का पानी नियमित रूप से बदलते रहें।
बैठक में उपस्थित डब्ल्यूएचओ के अरुण सिंह ने कहा कि डायरिया, हैजा और टाइफाइड जैसी बीमारियां दूषित पानी एवं भोजन के सेवन से होती हैं। उन्होंने सलाह दी कि बरसात के मौसम में पानी को उबालकर पीना चाहिए तथा स्वच्छ एवं ताजा भोजन का ही सेवन करना चाहिए। साथ ही साबुन से नियमित रूप से हाथ धोने, समय पर टीकाकरण कराने और आसपास गंदा पानी जमा न होने देने पर भी बल दिया।
उन्होंने कहा कि संक्रमित व्यक्तियों के अत्यधिक निकट संपर्क से बचना चाहिए तथा आवश्यकता पड़ने पर मास्क का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा बनाए रखना भी जरूरी है।
जय प्रकाश सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभी सभासदों से आह्वान किया कि वे नगरवासियों को संचारी रोगों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी देकर जागरूक करें, ताकि आगामी बरसात के मौसम में लोगों को इन बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर चेयरमैन सुनील यादव गुड्डू, सभासद शीला देवी, बन्दो तिवारी, मोनिका गौतम, राजेश माली, विजय कुमार जायसवाल, शम्भू लाल, प्रमोद कुमार, संजय, अर्पणा, शम्स तवरेज, सुनील सिंह, विनय, रौशन, नीलू देवी, अशोक कुमार सिंह, जयप्रकाश, कन्हैया लाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








