कार से कुचलने की कोशिश का वीडियो वायरल
सीतापुर। बैंक खाते पर रोक लगाए जाने से नाराज एक खाताधारक द्वारा बैंक कर्मचारी को धमकाने और कार से कुचलने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने बैंक कर्मियों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शहर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में आयुष तिवारी नामक खाताधारक अपना खाता खुलवाने के लिए पहुंचा था। बैंक कर्मियों का आरोप है कि आयुष तिवारी ने सोलर सब्सिडी की धनराशि निकालने के बाद उसे वापस जमा नहीं किया था, जिसके चलते बैंक ने उसका खाता होल्ड कर दिया था। इसी मामले को लेकर बैंक में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।
बैंक कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद के दौरान आयुष तिवारी ने एक कर्मचारी को देख लेने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि बैंक से बाहर निकलने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपनी कार से बैंक कर्मचारी और वहां मौजूद एक ग्राहक को टक्कर मारकर कुचलने की कोशिश की। पूरी घटना बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस वाहन का इस्तेमाल किया गया, उस पर भाजपा का स्टीकर लगा हुआ था, जिस पर जिला महामंत्री भाजपा लिखा दिखाई दे रहा है। हालांकि संबंधित राजनीतिक दल की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बैंक कर्मियों की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








