प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई
प्रयागराज। अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रयागराज जिले में 86 होटल और गेस्ट हाउस के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाली कई लाइब्रेरी के पंजीकरण भी रद्द किए गए हैं, जिनमें शहर की कुछ चर्चित लाइब्रेरी भी शामिल बताई जा रही हैं।
बताया जा रहा है कि राजधानी लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार ने होटल, गेस्ट हाउस, कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू कराई है। इसी क्रम में प्रयागराज प्रशासन ने अग्निशमन विभाग, विकास प्राधिकरण तथा संबंधित विभागों के सहयोग से अभियान चलाकर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) का अभाव, आपातकालीन निकास की कमी, अग्निशमन उपकरणों की अनुपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए गए। इसके बाद 86 होटल एवं गेस्ट हाउस के पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई की गई। इसके अलावा मानकों की अनदेखी करने वाली कई लाइब्रेरी का पंजीकरण भी रद्द कर दिया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा और सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








