वैकल्पिक मार्ग निर्धारित
उन्नाव। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा जाजमऊ स्थित गंगा पुल की कानपुर-लखनऊ लेन की मरम्मत कराई जाएगी। यह कार्य 26, 27 और 28 जून को रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक लगातार तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
कानपुर, इटावा, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, कन्नौज समेत विभिन्न जनपदों से लखनऊ जाने वाले भारी व्यावसायिक वाहन जाजमऊ पुल का उपयोग नहीं कर सकेंगे। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
मरम्मत कार्य के दौरान कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग से बक्सर-बिहार मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना है। वहीं, कानपुर की ओर से गंगा बैराज-शुक्लागंज मार्ग पर भी रात के समय यातायात अधिक रहेगा। संभावित जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है और अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि सुबह 8 बजे के बाद प्रतिबंध हटने पर भी राजमार्ग पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। इसे देखते हुए आजाद मार्ग चौराहा, गदनखेड़ा चौराहा, पुरवा मोड़ और अजगैन-मोहन मार्ग पर स्थानीय पुलिस और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से व्यवस्था संभालेगी। हालांकि, इस अवधि में हल्के वाहन एकल लेन से लखनऊ की ओर जा सकेंगे।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
इटावा की ओर से लखनऊ जाने वाले भारी वाहन रायबरेली मार्ग से बक्सर होते हुए बिहार, मौरावां और मोहनलालगंज मार्ग के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। प्रशासन के अनुसार यह मार्ग भारी वाहनों के सुचारु संचालन के लिए निर्धारित किया गया है।
हल्के व्यावसायिक वाहनों का डायवर्जन
कानपुर नगर से लखनऊ जाने वाले हल्के व्यावसायिक वाहनों को गंगा बैराज से शुक्लागंज के कन्हवापुर और ट्रांस गंगा सिटी मार्ग से सहजनी की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद वाहन उन्नाव शहर अथवा राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते लखनऊ पहुंच सकेंगे।
वर्जन
यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने कहा, “कानपुर में रात के समय लागू होने वाले डायवर्जन तथा सुबह प्रतिबंध समाप्त होने के बाद यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी मार्ग पर जाम नहीं लगने दिया जाएगा।”








