उन्नाव। मुहर्रम के जुलूस को देखते हुए गुरुवार को शहर में सुबह 9 बजे से जुलूस के समापन तक चार पहिया एवं भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
यातायात प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि गांधी नगर तिराहा से छोटा चौराहा और बड़ा चौराहा की ओर जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को गांधी नगर तिराहा से गदनखेड़ा बाईपास चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
हरदोई रोड पुल से नगरपालिका चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। इसी प्रकार आंबेडकर स्मारक स्थल की ओर से बड़ा चौराहा जाने वाले वाहनों को निराला पार्क मार्ग होते हुए हरदोई रोड पुल और आवास विकास बाईपास तिराहा की ओर भेजा जाएगा।
इसके अलावा गदनखेड़ा चौराहा से जिला अस्पताल और गांधी नगर तिराहा की दिशा में आने वाले भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस प्रशासन ने लोगों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।








