बनीं सुलतानपुर की पहली लीडर ट्रेनर गाइड
राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र पचमढ़ी से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले को दिलाई नई पहचान
सुलतानपुर। जनपद सुलतानपुर के लिए गौरव का क्षण तब आया, जब भारत स्काउट एवं गाइड उत्तर प्रदेश की जिला ट्रेनिंग कमिश्नर (गाइड) ज्योति सिंह ने मध्य प्रदेश स्थित राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र पचमढ़ी में आयोजित उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लीडर ट्रेनर गाइड की प्रतिष्ठित उपाधि प्राप्त की। इस उपलब्धि के साथ ही वह सुलतानपुर जनपद की पहली लीडर ट्रेनर गाइड बन गई हैं।
ज्योति सिंह की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले के स्काउट-गाइड आंदोलन को नई पहचान मिली है। बताया गया कि उत्तर प्रदेश से इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने वाली चार महिला प्रशिक्षकों में ज्योति सिंह भी शामिल हैं।
उनकी सफलता पर जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, जिला कमिश्नर स्काउट डॉ. दिनेश प्रताप सिंह तथा जिला सचिव डॉ. गुलाब सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि जनपद में स्काउट-गाइड गतिविधियों को नई दिशा प्रदान करेगी और प्रशिक्षण व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगी।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर स्काउट धर्मेंद्र प्रताप सिंह, जिला संगठन कमिश्नर गौरव सिंह तथा जिला संगठन आयुक्त (गाइड) कांती सिंह ने भी ज्योति सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला प्रशिक्षण टीम एवं स्काउट-गाइड परिवार के सदस्यों ने कहा कि ज्योति सिंह की यह उपलब्धि युवाओं, गाइड्स और प्रशिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। इससे जिले में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और गुणवत्ता संवर्धन को नई गति मिलेगी।
ज्योति सिंह की इस उपलब्धि से जनपद के स्काउट-गाइड कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे सुलतानपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।








