गृहस्थी का सामान जलकर राख
बाराबंकी। तहसील क्षेत्र के ईश्वरीगंज गांव में शुक्रवार शाम शॉर्ट सर्किट के कारण एक बंद मकान में आग लग गई। घटना के समय गृहस्वामी घर से बाहर गए हुए थे। आग की चपेट में आने से घर में रखा हजारों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
जानकारी के अनुसार, ईश्वरीगंज निवासी फिरोज पुत्र शुबराती शुक्रवार शाम करीब सात बजे घर में ताला लगाकर किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए थे। इसी दौरान मकान में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही देर में घर के अंदर से धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल फायर स्टेशन तथा गृहस्वामी को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलने पर फिरोज भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया था। आग लगने से घर में रखा राशन, कपड़े, फ्रिज, इनवर्टर, बैटरी तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास कर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते आग आसपास के अन्य मकानों तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।








