उन्नाव। सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के न्यामतपुर गांव निवासी सीआरपीएफ जवान संतोष शुक्ला का शनिवार को परियर स्थित गंगा तट पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया था।
संतोष शुक्ला केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में प्रयागराज में तैनात थे। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
शनिवार को सीआरपीएफ का दल तिरंगे में लिपटा उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव न्यामतपुर लेकर पहुंचा। पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े।
इसके बाद परियर स्थित गंगा तट पर सीआरपीएफ के जवानों ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ अपने साथी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान एसडीएम शिवेंद्र वर्मा, क्षेत्राधिकारी दीपक यादव, तहसीलदार देवेंद्र यादव, कोतवाल संदीप मिश्रा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।








