सुलतानपुर। लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के भवनपुर चौपरिया गांव में रविवार दोपहर पंखा ठीक करते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय कृष्ण कुमार निषाद पुत्र स्वर्गीय शिवप्रसाद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कृष्ण कुमार घर में पंखा ठीक कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए और अचेत होकर गिर पड़े।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लम्भुआ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पत्नी शीला देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कृष्ण कुमार तीन भाइयों में मंझले थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में पत्नी सहित दो पुत्रियां और दो पुत्र हैं।
सूचना मिलने पर लम्भुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।








