विधायक आवास पर नारेबाजी; 15वें दिन भी जारी रहा धरना
जलेसर (एटा)। प्रदेश सरकार की प्रस्तावित ई-रजिस्ट्री व्यवस्था और निबंधन मित्र प्रणाली के विरोध में तहसील बार एसोसिएशन का आंदोलन सोमवार को 15वें दिन भी जारी रहा। अधिवक्ताओं ने नगर के प्रमुख मार्गों पर बाइक रैली निकालकर विधायक संजीव दिवाकर के आवास के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शाम को महामहिम राज्यपाल के नाम 15वां ज्ञापन एसडीएम जलेसर के माध्यम से भेजा गया।
तहसील मुख्यालय स्थित धरना स्थल से शुरू हुई बाइक रैली महाराणा प्रताप चौक, शेरगंज, बड़ा बाजार, नाला बाजार, मंडी जवाहरगंज, विकासखंड कार्यालय और महावीरगंज होते हुए विधायक आवास पहुंची। वहां अधिवक्ताओं ने ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को वापस लेने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेश्वर सिंह यादव ने कहा कि जब तक प्रदेश सरकार ई-रजिस्ट्री व्यवस्था को वापस नहीं लेती, तब तक धरना-प्रदर्शन, ई-रजिस्ट्री कार्यालय की तालाबंदी और न्यायालयों के कार्यों का बहिष्कार जारी रहेगा।
रैली में महासचिव द्विजेंद्र सिंह यादव, रमेश पाल सिंह, विष्णु गोपाल दीक्षित, सुनील यादव, विनोद उपाध्याय, सुभाष बाबू राजपूत, प्रमोद राठी, जेपी सिंह, केपी सिंह यादव, रामदेव यादव, सुदीप पाठक, सुरेंद्र देव पाठक, रामनरेश यादव, रामनिवास यादव, गोवर्धन सिंह राजपूत, सुनील दीक्षित, दयाराम यादव, सोवरन सिंह राजपूत, विजय कुमार सिंह, गौरव जादौन, सुबोध जैन, कमलेश सारस्वत, राजेश शर्मा, जयशंकर गौड़, अनिल यादव, पुरुषोत्तम यादव, सुमित दीक्षित, सुधीर राजपूत, धनपाल बघेल, शाहनवाज खान, शरीफ खान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
आगरा सदर बार अध्यक्ष को बनाया प्रतिनिधि
तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में निर्णय लिया गया कि आईजी स्टाम्प, लखनऊ द्वारा बुलाई गई बैठक में समयाभाव के कारण जलेसर बार का प्रतिनिधिमंडल शामिल नहीं हो सकेगा। ऐसे में सर्वसम्मति से आगरा सदर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल बहादुर राजपूत एडवोकेट को जलेसर बार की ओर से प्रतिनिधि नियुक्त किया गया। अब लखनऊ में होने वाली वार्ता में वे जलेसर बार एसोसिएशन का पक्ष रखेंगे।








