चयनित यात्रियों को 10 अगस्त तक जमा करनी होगी पहली किस्त
चंदौली। हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य हज कमेटी ने बताया कि इच्छुक आवेदक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट और हज सुविधा ऐप के माध्यम से 20 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हज यात्रियों का चयन जुलाई के अंतिम सप्ताह में डिजिटल रैंडम चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। चयनित आवेदकों को पहली किस्त के रूप में 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि 10 अगस्त तक जमा करनी होगी।
ऑनलाइन आवेदन के लिए 31 दिसंबर 2027 तक वैध पासपोर्ट, नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो, बैंक पासबुक अथवा कैंसिल चेक और पते का प्रमाण-पत्र अनिवार्य होगा। आवेदन से पहले अभ्यर्थियों को हज-2027 की नीति और दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर अपनी पात्रता सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
राज्य हज कमेटी ने स्पष्ट किया है कि चयन के बाद सीट निरस्त कराने पर निर्धारित नियमों के अनुसार जमा धनराशि में कटौती की जाएगी। इसलिए केवल वही लोग आवेदन करें जो हज यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध हों।








