सहकारी समितियों पर हर हाल में उपलब्ध रहे उर्वरक
चंदौली। किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले की सभी सहकारी समितियों पर खाद की उपलब्धता की प्रतिदिन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी दिन किसी भी समिति पर खाद का स्टॉक शून्य नहीं होना चाहिए। किसानों की आवश्यकता के अनुरूप खाद की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों विभाग मिलकर यह सुनिश्चित करें कि किसानों को खाद के लिए भटकना न पड़े और जनपद में खाद की कमी की एक भी शिकायत सामने न आए। साथ ही पूरे जिले में खाद का वितरण पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाए।
उन्होंने निजी खाद विक्रेताओं पर भी कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। कहा कि यदि कोई दुकानदार कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने या कृत्रिम रूप से खाद की कमी पैदा करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
डीएम ने कृषि एवं सहकारिता विभाग को यह भी निर्देश दिया कि जिले में खाद का पर्याप्त भंडार बनाए रखने के लिए समय-समय पर शासन को मांग भेजी जाए और इसकी जानकारी प्रशासन को भी उपलब्ध कराई जाए।








