यूपी विधानसभा चुनाव और राष्ट्रीय संगठन पर होगा मंथन
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय अहम बैठक 3 और 4 जुलाई को लखनऊ में आयोजित होगी। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष शामिल होंगे। इसमें उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय संगठन के विस्तार पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश संगठन के गठन के बाद अब भाजपा की राष्ट्रीय इकाई में उत्तर प्रदेश की भागीदारी बढ़ाने पर मंथन होगा। बैठक में राष्ट्रीय टीम में शामिल किए जाने वाले उत्तर प्रदेश के संभावित पदाधिकारियों के नामों पर भी विचार किया जा सकता है।
चर्चा है कि नितिन नबीन की नई टीम में उत्तर प्रदेश से दो राष्ट्रीय महामंत्री, तीन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समेत करीब 10 पदाधिकारी शामिल किए जा सकते हैं। साथ ही संगठन के अलावा केंद्र सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में भी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ाने को लेकर रणनीति बनाई जा सकती है।
वर्तमान में भाजपा की राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से राधा मोहन दास अग्रवाल और अरुण सिंह राष्ट्रीय महामंत्री हैं। वहीं लक्ष्मीकांत वाजपेयी, रेखा वर्मा और तारिक मंसूर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, सुरेंद्र नागर राष्ट्रीय मंत्री तथा राजेश अग्रवाल राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस बार संगठन में नई पीढ़ी के नेताओं को अवसर देने पर भी विचार किया जा रहा है। संभावित नामों में पूर्व मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, राज्यसभा सदस्य अमरपाल मौर्य, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, श्रीकांत शर्मा, एमएलसी अश्वनी त्यागी, अशोक कटारिया, गोविंद नारायण शुक्ला और संतोष सिंह के नाम चर्चा में हैं।
हालांकि, राष्ट्रीय संगठन में नियुक्तियों को लेकर पार्टी की ओर से अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।








